अवैध मदिरा के खिलाफ कबीरधाम में बड़ी कार्रवाई, 143.82 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त
872 छापेमारी में 610 आपराधिक प्रकरण दर्ज, 18.38 लाख रुपये से अधिक की सामग्री जब्त
.
अन्य राज्यों की मदिरा के अवैध परिवहन पर भी सख्ती, 10 वाहन जब्त कर कारोबारियों पर कसा शिकंजा
कवर्धा, 27 अक्टूबर 2026। कबीरधाम जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, विक्रय और धारण पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। विभाग की नियमित गश्त, आकस्मिक जांच और छापेमारी से अवैध मदिरा के कारोबार पर अंकुश लगाने के साथ शासन के राजस्व हितों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से 25 अक्टूबर 2026 तक जिले में 143.82 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। वहीं, अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए गए अभियान के तहत 872 छापेमारी कर 610 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं।जिला आबकारी अधिकारी श्री मुकेश पाण्डेय ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के कारोबार पर नियंत्रण के लिए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है। आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध मदिरा, महुआ लाहन और मदिरा के परिवहन में प्रयुक्त वाहनों को जब्त किया गया है। विभाग का उद्देश्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के साथ शासन की आबकारी नीति का क्रियान्वयन और राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।1326.04 बल्क लीटर मदिरा और 4254 किलोग्राम महुआ लाहन जब्तअभियान के दौरान विभाग द्वारा कुल 1326.04 बल्क लीटर मदिरा जब्त की गई। इसमें 666.53 बल्क लीटर देशी मदिरा, 34.51 बल्क लीटर विदेशी मदिरा तथा 625 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब शामिल है। इसके साथ ही 4254 किलोग्राम महुआ लाहन भी जब्त किया गया। अवैध मदिरा के परिवहन में प्रयुक्त 10 वाहन भी जब्त किए गए, जिनमें 8 दोपहिया और 2 चारपहिया वाहन शामिल हैं। जब्त मदिरा, वाहनों एवं अन्य सामग्रियों का कुल अनुमानित बाजार मूल्य 18 लाख 38 हजार 909 रुपये है।दूसरे राज्यों की मदिरा के अवैध परिवहन पर विशेष नजरअवैध मदिरा के कारोबार पर नियंत्रण के लिए अन्य राज्यों से होने वाले अवैध परिवहन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान के दौरान दर्ज 610 आपराधिक प्रकरणों में से 53 गंभीर आपराधिक प्रकरणों का उल्लेख किया गया है, जिनमें 12 प्रकरण हरियाणा एवं मध्यप्रदेश में निर्मित मदिरा से संबंधित हैं। जब्त मदिरा में अन्य राज्यों में निर्मित 196.81 बल्क लीटर मदिरा भी शामिल है। पिछले वर्ष की तुलना में अन्य राज्यों की मदिरा से संबंधित प्रकरणों में की गई कार्रवाई अवैध परिवहन पर नियंत्रण और छत्तीसगढ़ के राजस्व हितों की सुरक्षा की दिशा में विभाग की सक्रियता को दर्शाती है।राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति के साथ अवैध कारोबार पर नियंत्रणजिला कबीरधाम में आबकारी विभाग द्वारा राजस्व प्राप्ति के साथ अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्रवाई को प्राथमिकता दी जा रही है। सतत निगरानी, नियमित गश्त, आकस्मिक जांच और छापेमारी के माध्यम से आबकारी अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। विभाग की यह पहल शासन की राजस्व नीति के अनुरूप निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति, अवैध मदिरा के कारोबार पर अंकुश तथा आबकारी अपराधों की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। विभाग द्वारा भविष्य में भी इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई जारी रखते हुए शासन के निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति और राज्य के राजस्व हितों की सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।