सहसपुर लोहरा-गुरुओं के सम्मान से गूंजा दनिया खुर्द, शिक : गुरुओं के सम्मान से गूंजा दनिया खुर्द, शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का हुआ भव्य सम्मान
Chief Editor-Digvendra Kumar Gupta / Sun, Sep 6, 2026 / Post views : 92
गुरुओं के सम्मान से गूंजा दनिया खुर्द, शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का हुआ भव्य सम्मान
सहसपुर लोहारा। गुरु और शिष्य के पवित्र रिश्ते को सम्मान देने वाले शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला दनिया खुर्द में गरिमामय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों के प्रति विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके शिक्षा एवं संस्कार निर्माण में दिए जा रहे योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद सदस्य दिनेश विश्वकर्मा रहे। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों को श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं पेन भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज को दिशा देने और राष्ट्र के भविष्य को गढ़ने में शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। शिक्षक अपने ज्ञान, अनुभव और संस्कारों के माध्यम से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं।
जनपद सदस्य दिनेश विश्वकर्मा ने कहा कि “शिक्षक ही राष्ट्र का निर्माता होता है। भारत के महान शिक्षाविद एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन हमें गुरु के महत्व, उनके त्याग और समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की याद दिलाता है।” उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शिक्षकों का सदैव सम्मान करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपने शिक्षकों को सम्मानित कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस के महत्व, गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षकों के योगदान पर भाषण प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह और भावनात्मक माहौल बना रहा।
विद्यालय के प्रधान पाठक एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, शाला प्रबंधन समिति, पालकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। शिक्षकों ने कहा कि विद्यार्थियों का प्रेम, सम्मान और सफलता ही उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के रामचंद्र साहू, ब्रह्म पटेल, सचिव भूलेश्वर जसवाल, चंद्रेश श्रीवास, हाईस्कूल की प्राचार्य निशा दिवाकर सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, समिति के सदस्य, पालकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह ने गुरु के प्रति सम्मान और शिक्षा के महत्व का संदेश देते हुए सभी को प्रेरित किया
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन