कस्तुरबा गांधी बालिका छात्रावास की आठ बालिकाओं की तबियत बिगड़ी
चार को पंडरिया अस्पताल में कराया गया दाखिल
कवर्धा। जिले के विकासखण्ड पंडरिया अंतर्गत ग्राम दुल्लापुर में संचालित कस्तुरबा गांधी बालिका छात्रावास में सोमवार को अध्यनरत करीब दर्जनभर छात्राओं की अचानक तबियत खराब हो गई। बताया जाता है कि छात्रावास में भोजन खाने के बाद इन छात्राओं को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू हो गई। इस शिकायत के सामने आने के बाद पूरी छात्रावास प्रशासन में हड़कंप मंच गया और आननफानन में ज्यादा पीडि़त चार छात्राओं को पंडरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में दाखिल कराया गया। वहीं अन्य छात्राएं स्थानीय ईलाज के बाद ठीक बताई जा रही है। इस संबंध में छात्रावास अधीक्षिका कामिनी जोशी ने बताया कि फूड प्याजनिंग का मामला नहीं लगता क्योंकि इन आठ छात्राओं के आलावा छात्रावास की अन्य करीब 200 बालिकाओं ने भी वहीं भोजन खाया था। ऐसे में यह मौसम की वजह से हो सकता है। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक श्रीमती भवना बोहरा ने भी सक्रियता दिखाते हुए अपनी टीम को मौके पर रवाना किया और प्रभावित बालिकाओं के बेहतर ईलाज की व्यवस्था कराई। साथ ही छात्रावास में परोसे गए भोजन की जांच कराए जाने की बात कहीं जा रही हैबहरहाल बच्चियों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
----------------------