ग्राम पंचायत उदका में बिना कार्य कराए डकारी गई 15वें वित्त आयोग की शासकीय राशि
उपसरपंच, पंचों व ग्रामीणों ने सरपंच-सचिव पर लगाए कई गंभीर आरोप
कवर्धा पंडरिया । 01/08/2026// जिले की जनपद पंचायत पंडरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत उदका के उपसरपंच, पंचों एवं ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत की सरपंच तथा सचिव पर 15वें वित्त आयोग की राशि सहित पंचायत में स्वीकृत विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार करने तथा बिना कार्य कराए राशि आहरित कर गबन करने का गंभीर आरोप लगाया है। ग्राम पंचायत के उपसरपंच महेंद्र साहू तथा पंचों एवं ग्रामीणों ने इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पंडरिया को लिखित शिकायत सौंपी है। जानकारी के अनुसार शिकायत प्राप्त होने के बाद सीईओ पंडरिया ने आरोपों की जांच के लिए एक जांच दल का गठन किया है। इस दल में राजबहादुर सिंह आंतरिक लेखा परीक्षण अधिकारी, जनपद पंचायत पंडरिया, युगल शर्मा सहायक विकास विस्तार अधिकारी, जनपद पंचायत पंडरिया तथा विमल टोंडर तकनीकी सहायक, जनपद पंचायत पंडरिया को शामिल किया गया है। उपसरपंच, पंचों एवं ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती ललिता मरकाम एवं सचिव सीमा मार्को ने पंचायत सदस्यों को विश्वास में लेकर यह प्रस्ताव पारित कराया कि ग्राम पंचायत के विकास एवं ग्रामीणों की सुविधाओं के लिए सड़क मरम्मत, ग्राम पंचायत भवन की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था, हैंडपंप, बोर खनन, नए सीसी रोड का निर्माण, नाली सफाई तथा ग्राम में स्वच्छता बनाए रखने जैसे कार्य 15वें वित्त आयोग की राशि से कराए जाएंगे। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इन कार्यों के लिए राशि आहरित कर ली गई, लेकिन धरातल पर कोई भी कार्य नहीं कराया गया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ग्राम पंचायत में न तो सड़क मरम्मत कराई गई, न ही पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई। इसके अलावा ग्राम पंचायत भवन की मरम्मत, नाली की सफाई, ग्राम की साफ-सफाई तथा सीसी रोड निर्माण अथवा मरम्मत जैसे कार्य भी नहीं कराए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब इन कार्यों के संबंध में आय-व्यय का विवरण मांगा गया तो सरपंच एवं सचिव ने जानकारी देने से इनकार कर दिया। शिकायतकर्ताओं के अनुसार सरपंच एवं सचिव ने कहा कि, आप लोग कौन होते हैं हमसे हिसाब मांगने वाले? हम कोई आय-व्यय की जानकारी नहीं देंगे। 15वें वित्त आयोग की राशि खर्च करने का हमें पूरा अधिकार है। राशि निकालकर हम कार्य कराएं या न कराएं, इस पर आप लोग कोई सवाल नहीं कर सकते।
जांच दल की कार्यप्रणाली से शिकायतकर्ता असंतुष्ट
बताया जाता है कि इन आरोपों की जांच के लिए गठित जांच दल 31 जुलाई को ग्राम पंचायत उदका पहुंचा था। हालांकि शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जांच दल शिकायत में उल्लेखित सभी बिंदुओं पर जांच नहीं कर रहा है। उनका कहना है कि जिन बिंदुओं को शिकायत में प्रमुखता से उठाया गया है, उनकी अनदेखी की जा रही है। इससे जांच दल और सरपंच-सचिव के बीच सांठगांठ की आशंका भी व्यक्त की जा रही है। शिकायतकर्ताओं ने कलेक्टर तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा ग्राम विकास एवं जनसुविधाओं के नाम पर शासकीय राशि के कथित दुरुपयोग के दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
-----------------