रायपुर -विश्व पर्यावरण दिवस पर भिलाई इस्पात संयंत्र में : ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ने का आह्वान, 400 से अधिक पौधे लगाए गए
Chief Editor-Digvendra Kumar Gupta / Sat, Jun 6, 2026 / Post views : 12
विश्व पर्यावरण दिवस पर भिलाई इस्पात संयंत्र में वृहद वृक्षारोपण अभियान
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ने का आह्वान, 400 से अधिक पौधे लगाए गए
प्रविष्टि तिथि: 05 JUN 2026 6:11PM by PIB Raipur
विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-भिलाई इस्पात संयंत्र में शुक्रवार को वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। संयंत्र के उद्यानिकी विभाग द्वारा हॉस्पिटल सेक्टर, स्ट्रीट-12 क्षेत्र में आयोजित इस अभियान में पर्यावरण संरक्षण तथा हरित भविष्य के प्रति सामूहिक संकल्प व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में 400 से अधिक पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निदेशक प्रभारी (भिलाई इस्पात संयंत्र) चित्त रंजन महापात्र थे। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार तथा कार्यपालक निदेशक (रावघाट) अरुण कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र ने कहा कि पिछले कुछ दशकों में वैश्विक तापमान में लगातार वृद्धि हुई है तथा वायु प्रदूषण मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के माध्यम से इस दिशा में प्रभावी योगदान दिया जा सकता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए सभी से अपनी माता के नाम कम-से-कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि भिलाई इस्पात संयंत्र परिवार का प्रत्येक सदस्य प्रतिवर्ष 10 पौधे रोपित कर उनका संरक्षण सुनिश्चित करे, तो आने वाले वर्षों में यह अभियान लाखों वृक्षों के रूप में विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक प्रभारी (संपर्क प्रशासन एवं जनसंपर्क विभाग) अमूल्य प्रियदर्शी, महाप्रबंधक (शिक्षा) शिखा दुबे, महाप्रबंधक (नगर सेवाएं विभाग) विष्णु के. पाठक, अतुल नौटियाल, महेंद्र साहू, विकास चंद्रा, उपमहाप्रबंधक रवि फुले सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी, पर्यावरण प्रेमी, क्लब बुलबुल, स्काउट-गाइड के बच्चे, राष्ट्रीय कैडेट कोर कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
वृहद वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने में शिक्षा विभाग, राष्ट्रीय कैडेट कोर, स्काउट-गाइड के 50 बच्चों तथा वॉलीबॉल अकादमी के 25 बच्चों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का आयोजन महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएं विभाग) ए. बी. श्रीनिवास तथा महाप्रबंधक (उद्यानिकी) डॉ. एन. के. जैन के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग की रजनी रजक द्वारा किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन